कैथल। अनाज मंडियों में बुधवार को सरकारी खरीद पोर्टल घंटों ठप रहने के कारण मंडियों में खरीद और उठान की प्रक्रिया सुस्त पड़ गई। दोपहर तक पोर्टल न चलने की वजह से गेटपास नहीं कट सके। पोर्टल दोपहर एक बजे के बाद सुचारु हुआ। इससे पूर्व बीच-बीच में रुक कर चलता रहा।
जिले के कुल 42 मंडी-केंद्रों पर गेहूं की खरीद प्रक्रिया चल रही है। अब तक मंडियों में कुल 4.61 लाख मीट्रिक टन गेहूं की आवक हो चुकी है, लेकिन तकनीकी दिक्कतों और धीमी रफ्तार के चलते केवल 2.58 लाख मीट्रिक टन गेहूं की ही आधिकारिक खरीद हो पाई है। यानी लगभग आधी फसल अभी भी बिना बिके मंडियों में पड़ी है। खरीद के साथ-साथ उठान की स्थिति भी चिंताजनक बनी हुई है। अब तक केवल 23.5 हजार मीट्रिक टन गेहूं का ही उठान हो सका है। मंडियों के शेड पूरी तरह भर चुके हैं, जिसके कारण किसानों को अपना सोना (गेहूं) सड़कों के किनारे और खुले मैदानों में डालने पर मजबूर होना पड़ रहा है। किसान रात भर जागकर अपनी फसल की पहरेदारी कर रहे हैं, ताकि चोरी या बेमौसम बारिश से नुकसान न हो।
ये है मंडियों की स्थिति
अगोंध मंडी में 3153 मीट्रिक टन, अरनोली मंडी में 2917 मीट्रिक टन, बाबा लदाना में 7820 मीट्रिक टन, बडसिकरी खुर्द में 4289 मीट्रिक टन, बलबेहड़ा मंडी में 2417 मीट्रिक टन, बालू मंडी में 3372 मीट्रिक टन, बरटा मंडी में 3250 मीट्रिक टन, बाउपुर में 683 मीट्रिक टन, भागल में 1982 मीट्रिक टन, भुसला में 2556 मीट्रिक टन,चीका मंडी में 25401 मीट्रिक टन, चीका अतिरिक्त मंडी 41306 मीट्रिक टन, डीग मंडी में 1630 मीट्रिक टन,धनोरी में 2338 मीट्रिक टन, फर्श माजरा में 2008 मीट्रिक टन, गोहरा में 4555 मीट्रिक टन, गुहणा में 1478 मीट्रिक टन, हाबड़ी मंडी में 2867 मीट्रिक टन,जाखोली मंडी में 4176 मीट्रिक टन, कैलरम में 2245 मीट्रिक टन, कैथल पुरानी मंडी में 5418 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की गई। कैथल नई अनाज मंडी में 28923 मीट्रिक टन, कैथल अतिरिक्त नई अनाज मंडी में 34492 मीट्रिक टन, कलायत अनाज मंडी में 22082 मीट्रिक टन, कमहेड़ी में 703 मीट्रिक टन, कांगथली में 3920 मीट्रिक टन, करोड़ा में 6423 मीट्रिक टन, क्योड़क मंडी में 1845 मीट्रिक टन, किठाना में 9096 मीट्रिक टन, पाड़ला में 1795 मीट्रिक टन, पाई में 4900 मीट्रिक टन,पूंडरी मंडी में 1088 मीट्रिक टन, राजौंद अनाज मंडी में 10845 मीट्रिक टन, रामथली मंडी में 11055 मीट्रिक टन, रसीना में 3558 मीट्रिक टन, सजूमा मंडी में 790 मीट्रिक टन, सांगण में 4011 मीट्रिक टन, सेरधा में 4170 मीट्रिक टन,सीवन में 10050 मीट्रिक टन, सोलू माजरा साइलो में 4053 मीट्रिक टन गेहूं खरीद की गई।