घर में में पारंपरिक ढंग से सजाए गए गिरिराज। संवाद
कलायत। श्री कपिल मुनि मंदिर सहित नगर के अन्य मंदिरों में गोवर्धन दिवस पर अन्नकूट भंडारे का आयोजन हुआ। नगर में अनेक स्थानों पर पारंपरिक रूप से गोवर्धन पूजा के आयोजन हुए। पुजारी अनिरुद्ध गौतम व संजय गौतम की ओर से मंत्रोच्चारण किए गए। पुजारी अनिरुद्ध गौतम ने कहा कि हिंदू धर्म में गोवर्धन पूजा का बहुत महत्व होता है। इस दिन की गई पूजा भगवान श्रीकृष्ण को समर्पित होती है। गोवर्धन पूजा और अन्नकूट का सीधा संबंध भगवान श्रीकृष्ण से है और इस त्योहार का भारतीय लोकजीवन में बहुत महत्व है। इस पर्व में प्रकृति के साथ मानव का सीधा संबंध दिखाई देता है।
उन्होंने कहा कि गोवर्धन पूजा में गोधन अर्थात गायों की पूजा की जाती है। शास्त्रों में बताया गया है कि गाय उसी प्रकार पवित्र होती है, जैसे नदियों में गंगा। गाय को देवी लक्ष्मी का स्वरूप भी कहा गया है। देवी लक्ष्मी जिस प्रकार सुख-समृद्धि प्रदान करती हैं, उसी प्रकार गो माता भी अपने दूध से स्वास्थ्य रूपी धन प्रदान करती हैं। गो के प्रति श्रद्धा प्रकट करने के लिए ही कार्तिक शुक्ल पक्ष प्रतिपदा के दिन गोवर्धन की पूजा की जाती है और इसके प्रतीक के रूप में गाय की पूजा की जाती है। पंडित विशाल शांडिल्य ने बताया कि जब कृष्ण ने ब्रजवासियों को मूसलाधार वर्षा से बचाने के लिए सात दिन तक गोवर्धन पर्वत को अपनी सबसे छोटी अंगुली पर उठाकर रखा और गोप-गोपिकाएं उसकी छाया में सुखपूर्वक रहे। सातवें दिन भगवान ने गोवर्धन को नीचे रखा और प्रतिवर्ष गोवर्धन पूजा करके अन्नकूट उत्सव मनाने के लिए कहा। तभी से यह उत्सव अन्नकूट के नाम से मनाया जाने लगा।
घर में में पारंपरिक ढंग से सजाए गए गिरिराज। संवाद