संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। सजूमा रोड स्थित दूध उत्पादन संस्थान से छह नकाबपोश लुटेरों ने करीब छह लाख रुपये का सामान लूट लिया। वारदात को अंजाम देने के लिए लुटेरों ने चौकीदार को चारपाई के साथ रस्सों से बांध दिया और मोबाइल छीन उसे बंद कर एक तरफ फेंक दिया। इतना ही नहीं दो लुटेरे लूट पूरी होने तक चौकीदार के साथ मारपीट करते हुए जुबान बंद रखने की धमकी देते रहे।
लुटेरों के जाने के बाद चौकीदार ने संस्थान संचालक राजेंद्र राणा और चंद्रभान राणा को वारदात की जानकारी दी। इस पर तत्काल पुलिस को सूचित किया गया। थाना प्रभारी रोहताश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे परिसर का मुआयना किया। इसके साथ ही कलायत उप मंडल मुख्यालय डीएसपी सज्जन कुमार, सीआईए प्रभारी रमेश कुमार, सीन आफ क्राइम से डॉ. धीरा राम और टीमें मौके पर पहुंची।
संस्थान संचालकों ने बताया कि पिछले काफी समय से वे स्वरोजगार के लिए यह कार्य कर रहे हैं। वर्तमान में इसका निर्माण कार्य अंतिम चरण में हैं। उद्घाटन की तैयारियां चल रही थी। इसी बीच लुटेरे सिरसा ब्रांच नहर के पास कृषि इलाके में स्थित इस संस्थान में रविवार रात्रि करीब 12 बजे दीवार फांदकर दाखिल हो गए।
सुबह लगभग तीन बजे तक वे ट्रांसफार्मर का कीमती सामान, एलसीडी टीवी स्क्रीन व बिजली व्यवस्था के लिए रखे गए विभिन्न तरह के महंगे उपकरण ले गए। लुटेरोें मुख्य द्वार के दरवाजों, शीशों को तोड़ डाला। थाना प्रभारी रोहताश कुमार ने बताया कि कुछ दिन पहले इसी तरह बात्ता गांव में छह नकाबपोशों ने वारदात की थी। वारदात को सुलझाने के लिए पुलिस टीमों का गठन किया है। संस्थान संचालकों की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।