कैथल। चोरों ने चार जगह से लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया। पुलिस ने सभी मामलों में शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। सिविल लाइन थाना में दी पहली शिकायत में गांव उझाना निवासी रमन ने बताया कि चोर छोटू राम चौक पर स्थित दुकान से 28 फरवरी को रात को दुकान के गल्ले से 10 हजार रुपये और 3500 रुपये का सामान चोरी कर ले गए। इसके अलावा चोर कुछ डिब्बे सिरिंज के भी चोरी कर ले गए। डिब्बों की कीमत लगभग छह हजार रुपये थी। राजौंद थाना में दी दूसरी शिकायत में राजौंद उपमंडल अधिकारी योगेश ने बताया कि 25 फरवरी को चोर गांव कोटड़ा से ट्रांसफार्मर का सामान चोरी कर ले गए। तितरम थाने में दी तीसरी शिकायत में उपमंडल अधिकारी नरेंद्र ने बताया कि चोर 26 व 27 फरवरी की रात को चंदाना के खेतों में रखे ट्रांसफार्मर से हजारों का सामान चोरी कर ले गए। राजौंद थाने में दी चौथी शिकायत में मंडवाल निवासी जग जीवन सिंह ने बताया कि चोर उसके घर से ट्यूबवेल की मोटर चोरी कर ले गए। पुलिस ने सभी मामलों में शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मारपीट में एक घायल, केस
कैथल। करनाल चौक पर छह लोगों ने एक व्यक्ति को मारपीट कर घायल कर दिया। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव चंदाना निवासी नरेश कुमार ने सिविल लाइन थाने को दी शिकायत में बताया कि एक मार्च को दिन में करीब चार बजे उसका लड़का करनाल चौक पर खड़ा था। इस दौरान छह आरोपियों ने लाठी व डंडों से उसके बेटे पर हमला कर उसे घायल कर दिया। पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है।