संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। श्री कपिल मुनि राजकीय महिला महाविद्यालय कलायत में स्वच्छता अभियान के तहत एनएसएस इकाई ने जागरूकता रैली निकाली। स्वयंसेविकाओं ने स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ राष्ट्रीय धरोहर की सफाई भी की।
रैली को प्राचार्य राजेश कुमार सैनी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। स्वच्छता को अपनाना है देश को स्वस्थ बनाना है जैसे नारे लगाते हुए छात्राएं महाविद्यालय से चलकर बाजार से होती हुई श्री कपिल मुनि धाम में पहुंची। स्वयंसेविकाओं ने कपिल मुनि मंदिर परिसर व तीर्थ के घाटों की सफाई की।
इस दौरान कलायत के उपमंडल अधिकारी सत्यवान सिंह मान एवं प्राचार्य राजेश कुमार सैनी ने राष्ट्रीय धरोहर ब्रिक टेंपल का दौरा किया। एसडीएम ने छात्राओं एवं महाविद्यालय के पूरे स्टाफ के इस प्रयास की प्रशंसा की। साथ ही सभी को राष्ट्रीय धरोहर एवं संस्कृति को संजोकर रखने की सलाह दी। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. राम जुवारी ने कहा कि स्वयंसेवकों ने कॉलेज परिसर की तो कई बार सफाई की पर इस बार तीर्थ स्थल के घाटों व राष्ट्रीय धरोहर की सफाई करके लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को स्वच्छ भारत अभियान का हिस्सा बनना चाहिए। प्राध्यापक शीला देवी, डॉ. कविता शास्त्री, रीनू रानी, सुरेश कुमार व शेर सिंह ने सहयोग दिया।