जिले में बेटियां भाने लगी हैं। यही कारण है कि हरियाणा में कैथल जिला लिंगानुपात के मामले में दूसरे नंबर पर पहुंच गया है। लिंगानुपात सुधर कर 942 हो गया है। सिविल सर्जन जयभगवान जाटान ने कहा कि गत 2016 से लगातार लिंगानुपात की स्थिति में अच्छा सुधार हो रहा है।
सिविल सर्जन जयभगवान जाटान पीएनडीटी जिला एडवाइजरी कमेटी की बैठक के दौरान जानकारी दे रहे थे। उन्होंने कहा कि 2016 में लिंगानुपात 884, वर्ष 2017 में 900, वर्ष 2018 में 916, वर्ष 2019 में 919 तथा अब तक 2020 में 942 लिंगानुपात दर्ज किया गया है। पहले स्थान पर जिला फतेहाबाद है, जिसका लिंगानुपात 948 है। उन्होंने कहा कि लिंगानुपात में सुधार के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा अल्ट्रासाउंड की जांच की जा रही है। एमटीपी सेंटरों को भी चैक किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त लिंग जांच करवाने वालों पर छापेमारी भी की जा रही है। इस मौके पर डॉ. रेनू चावला, डॉ. संजीव गोयल, डॉ. अनिल अग्रवाल, एडीए रवि, राम प्रसाद बंसल, डॉ. राजीव मित्तल, सीमा सिंगला, राजेश कुमार मौजूद रहे।