पूंडरी। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित इंटर-कॉलेज साइकिलिंग चैंपियनशिप में चौधरी ईश्वर सिंह कन्या महाविद्यालय, पूंडरी की छात्राओं ने उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन कर महाविद्यालय का नाम रोशन किया। 9 फरवरी को आयोजित इस प्रतियोगिता में कॉलेज की टीम ने कुल तीन स्वर्ण पदक अपने नाम किए। इनमें ज्योति के दो और वंशिका का एक पदक है।
महाविद्यालय की शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्षा डॉ. प्रेमलता ने बताया कि कॉलेज की होनहार साइकिल चालक ज्योति ने अपनी रफ्तार और तकनीकी दक्षता से सभी को प्रभावित करते हुए दो स्वर्ण पदक जीते।
विज्ञापन
उन्होंने 500 मीटर इंडिविजुअल टाइम ट्रायल और 3000 मीटर इंडिविजुअल परस्यूट स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक हासिल किए। वहीं, कॉलेज की एक अन्य प्रतिभावान खिलाड़ी वंशिका ने 1000 मीटर मास स्टार्ट स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर महाविद्यालय की झोली में तीसरा स्वर्ण पदक डाला। छात्राओं की उपलब्धि पर प्राचार्या डॉ. शकुंतला ने डॉ. प्रेमलता, पिंकी तथा दोनों विजेता छात्राओं को हार्दिक बधाई दी।
महाविद्यालय की प्रबंधक समिति के प्रधान एवं पूर्व विधायक चौधरी तेजबीर सिंह ने भी विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।