कैथल। कैथल की बेटियां अब रंगकर्म में धाक जमाएंगी। स्कूल की पढ़ाई पूरी करने से पहले उन्हें नाटक कला में पारंगत करने के लिए कार्यशाला में प्रशिक्षित किया जाएगा। इसके लिए वे करनाल जाएंगी।
वहां आयोजित हाेने वाली कार्यशाला में म्हारी छात्राएं थियेटर कला के गुर सीख सकेंगी। करनाल स्थित रेलवे रोड स्थित राजकीय कन्या मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में पांच से 14 जुलाई तक यह कार्यशाला चलेगी। इसके लिए शिक्षा निदेशालय ने पहल की है।
कार्यशाला में करनाल मंडल के तहत आने वाले सभी जिलों की छात्राएं हिस्सा लेंगी। इसमें कैथल की भी 20 छात्राएं शामिल होंगी। इसके लिए शिक्षा निदेशालय ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी कर दिया है।
जिला शिक्षा अधिकारी रविंद्र चौधरी ने बताया कि कार्यशाला के तहत आने वाला खर्च सरकार की ओर से वहन किया जाएगा। चयनित ये सभी छात्राएं सुबह साढ़े नौ से शाम पांच बजे तक कार्यशाला में थियेटर कला सीखेंगी। उन्होंने बताया कि कार्यशाला से छात्राओं को एक अच्छा मंच मिल सकेगा।
गौरतलब है कि प्रत्येक ब्लॉक के स्कूलों से तीन से चार छात्राओं का चयन किया गया है। ये वे छात्राएं हैं जो पढ़ाई में भी अव्वल हैं और इसके साथ साथ विद्यालय में होने वाले हर कार्यक्रम में भाग लेती हैं। सांस्कृतिक कार्यक्रम व कला से जुड़ा कार्यक्रम हो इन छात्राओं की रुचि रहती है। सभी बीईओ ने इन छात्राओं का चयन किया है।
छात्राओं के चयन से पहले अभिभावकों की भी सहमति ली गई है। प्रत्येक मंडल स्तर पर होने वाली कार्यशाला में बेहतर प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को राज्य स्तरीय कार्यशाला के लिए चुना जाएगा।
ब्लॉक
छात्राएं
गुहला
03
कैथल
04
कलायत
03
राजौंद
03
पूंडरी
04
सीवन
03
कुल
20