गुरमीत सीड़ा गुहला-चीका। खंड के छोटे से गांव कसौर से निकले अर्शदीप सिंह ने अपने अद्वितीय इनोवेशन और उद्यमशीलता से प्रदेश का नाम विश्व स्तर पर रोशन किया है। अमेरिका के वाशिंगटन में 13 जनवरी को होने वाले प्रतिष्ठित आईआईटी ग्लोबल इवेंट में उन्हें विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। इस कार्यक्रम में अर्शदीप सिंह अपने कृषि आधारित स्टार्टअप की प्रस्तुति देंगे, जिसका फोकस कृषि उत्पादन और वितरण में नयापन लाना है।
गौरतलब है अर्शदीप की इस उपलब्धि की जड़ें उनके गांव कसौर से जुड़ी हुई हैं, जहां पर वे परंपरागत कृषि प्रथाओं और आधुनिक तकनीकी का मेल का अनूठा प्रयोग कर रहे हैं। उनके इसी प्रयोग ने उन्हें अमेरिका के कृषि विभाग के विशेषज्ञों के साथ मुलाकात का अवसर दिया है। इस कदम से विश्व स्तर पर कृषि क्षेत्र मेें नए रास्ते खुलेंगे।
अर्शदीप का चयन आईआईटी ग्लोबल इवेंट के लिए न केवल उनकी प्रतिभा और उद्यमिता को दर्शाता है, बल्कि यह भी दिखाता है कि कैसे एक युवा उद्यमी अपने प्रयोगों से वैश्विक पटल पर असाधारण प्रभाव डाल सकता है।
इसके अलावा अर्शदीप की गत वर्ष जून में उत्तरी अमेरिका के प्रमुख इवेंट टोरंटो, कनाडा में भागीदारी और सीआईआई के साथ ऑस्ट्रेलिया यात्रा ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक ठोस पहचान दी है। इन यात्राओं में उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई टेक्नोलॉजी कंपनियों से संपर्क साधा, जिससे भारतीय कृषि क्षेत्र में तकनीकी उन्नति की नई संभावनाएं खुली हैं। अर्शदीप की इस असाधारण उपलब्धि पर कसौर गांव सहित पूरे प्रदेश के लोगों को गर्व हो रहा है। युवाओं के लिए अर्शदीप एक प्रेरणास्रोत बनकर उभरे हैं जो दिखाते हैं कि कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प से विश्व स्तर पर किस प्रकार से सफलता प्राप्त की जा सकती है।
अर्शदीप ने बताया कि वाशिंगटन में होने वाले प्रतिष्ठित इवेंट में उनकी मुलाकात भारत के सूचना प्रसारण मंत्री और रेलवे मंत्री अश्विनी वैष्णव से होने की संभावना है, जो उनके प्रोजेक्ट और विचारों को और अधिक प्रोत्साहन प्रदान करेगा। गौरतलब है कि अर्शदीप अगस्त 2022 में बीएसई मुंबई में आयोजित ओएनडीसी नाबार्ड ग्रैंड हैकथॉन में विजेता बनकर उभरे थे और पांच लाख रुपये का नकद पुरस्कार जीता था। संवाद
अर्शदीप ने बताया कि उन्होंने दिल्ली आईआईटी के इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। इसी के बलबूते ही वह अमेरिका में कार्यरत हैं। उसने टेक्नोलॉजी के सहारे खेती को आसान करने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस के साथ मिट्टी जांच से लेकर, मार्केटिंग के लिए megafpo.com एप भी बनाया है। संवाद