गीता जयंती महोत्सव के तीसरे दिन जिला प्रशासन ने शहर की संस्थाओं के सहयोग से शोभायात्रा निकाली जिसके स्वागत के लिए शहर में कई जगह स्वागत द्वार लगाए गए। सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं ने जगह-जगह शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया। भूगर्भ, खनन एवं अक्षय ऊर्जा राज्य मंत्री नायब सिंह सैनी ने माता गेट से शोभायात्रा को झंडी दिखाकर रवाना किया।
उन्होंने श्रीकृष्ण कृपा सेवा समिति द्वारा निकाली गई गीता की झांकी में सवार होकर गीता प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि गीता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने में शोभायात्रा जैसे कार्यक्रम सबसे सशक्त माध्यम हैं। मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा गीता जयंती महोत्सव को जिलास्तर पर मनाने का फैसला लिया था, जिसके तहत हर जिले में इस वर्ष गीता जयंती महोत्सव मनाया जा रहा है।
नगर शोभायात्रा में 15 समितियों ने झांकियां शामिल कीं तथा 200 महिलाओं ने कलश यात्रा निकाली। 621 छात्र-छात्राओं ने गीता के श्लोकों का उच्चारण किया। संत समाज के साधु भी घोड़ों पर सवार होकर शोभायात्रा में शामिल हुए। श्रीकृष्ण सेवा समिति द्वारा कलश यात्रा, कृष्ण कृपा सेवा समिति एवं गीता प्रचार द्वारा पालकी की सजावट, श्री मोर बिहारी कृष्ण सेवा समिति, विश्व कर्मा समाज, श्री ग्यारह रुद्री शिव मंदिर, श्री खाटू श्याम मंदिर, गीता भागवत प्रचार समिति, पागल सखा मंडल, श्री सत्यनारायण बर्फानी सेवा मंडल, संकीर्तन मंडल मां बनबौरी व मां दुर्गा मंडल द्वारा झांकियां निकाली गईं।
यहां निकली शोभायात्रा : नगर शोभायात्रा माता गेट से शुरू होकर सीवन गेट, डोगरा गेट, प्रताप गेट, चंदाना गेट, भगत सिंह चौक, छात्रावास रोड, पिहोवा चौक से होती हुई भाई उदय सिंह किला पर संपन्न हुई। श्रीमद्भागवत गीता को भव्य पालकी में सजाया गया। शोभायात्रा के समापन पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय परिसर में प्रसाद वितरित किया गया।