संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। आर्यन इंटरनेशनल स्कूल में शनिवार को सड़क सुरक्षा माह दौरान जिला ट्रैफिक पुलिस की टीम ने यातायात नियमों की जानकारी दी। यातायात थाना प्रबंधक सब इंस्पेक्टर राजकुमार छात्र व छात्राओं को ट्रैफिक नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि इस दौरान ट्रैफिक थाना से एचसी संदीप कुमार की टीम की ओर से आरटीओ विभाग के साथ मिलकर विद्यार्थियों को जानकारी दी कि ओवरस्पीड में वाहन चलाना और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग करना सड़क दुर्घटना का कारण बन जाते है। इसके बारे में चालकों को सजग रहना चाहिए। सभी वाहन चालकों को यातायात नियमों की समुचित पालन करना चाहिए। दोपहिया वाहन चलाते हुए हेलमेट का प्रयोग अवश्य करें।
कार व हल्के वाहन चालकों को सीट बेल्ट का प्रयोग करने की सलाह देते हुए अपनी लेन में वाहन चलाने के लिए प्रेरित किया गया। सड़क दुर्घटनाओं में गिरावट दर्ज करने के लिए पुलिस ने बताया कि किसी भी प्रकार के नशे की हालत में कभी वाहन न चलाए। सभी को समझाया गया कि 18 वर्ष के होने से पहले हमें वाहन नहीं चलाना चाहिए। 18 वर्ष के होने उपरांत ड्राइविंग लाइसेंस जरूर बनवाए।
लोगों को चालान से बचने के लिए नहीं, अपितु अपने अमूल्य जान-माल की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करने के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही दूसरों को भी समझाने को कहा।