शहर और इसके साथ लगते करीब पांच किलोमीटर एरिया में स्थित गांवों के लोगों की बड़ी परेशानी दूर हो गई है। गैस कंपनियों ने अब इन गांवों में गैस कनेक्शन देने की अनुमति प्रदान कर दी है। सभी गैस एजेंसियों में आठ से दस हजार नए कनेक्शन बढ़ सकते हैं।
नगर परिषद की सीमा के बाहर पड़ते गांवों में गैस एजेंसियों ने कनेक्शन जारी करने पर रोक लगी हुई थी। जिस कारण परिषद की सीमा से बाहर रहने वाले शहर के लोगों और इस सीमा के निकट स्थित गांवों के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। बार-बार मांग के बावजूद उन्हें कनेक्शन नहीं दिए जा रहे थे। इन लोगों को ब्लैक में सिलेंडर खरीदने पड़ रहे थे।
इंडेन गैस एजेंसी के मैनेजर चंद्रप्रकाश जैन ने बताया कि कंपनी ने आदेश जारी कर दिए हैं कि नगर परिषद की सीमा से पांच किलोमीटर के दायरे में स्थित गांव के लोगों को कनेक्शन जारी कर दिए जाएं। कई साल से इस पर रोक लगी हुई थी। अब इन गांवों के लोगों को कनेक्शन जारी कर दिए जाएंगे।
इन गांवों को होगा फायदा
परिषद की पांच किलोमीटर तक की सीमा में स्थित गांव देवीगढ़, शेरगढ़, पट्टी अफगान, नरड़, खानपुर, रोहेड़ियां, दयौरा, उझाना, जगदीशपुरा, कुल्तारण, प्यौदा, हरसौला, तितरम, सहारण, गढ़ी, पाड़ला, मानस, बाबा लदाना, माघो माजरी, चौधरी पट्टी, भैनी माजरा, कठवाड़, ग्योंग, सेगा गांवों में कनेक्शन दिए जा सकेंगे।
कई बार उठाई मांग
डीएफएससी विभाग में गैस एजेंसियों के काम पर नियंत्रण रख रहे विक्रम दत्त शर्मा ने बताया कि यह एक राहत देने वाला फैसला है। शहर सहित आसपास के गांवों के लोग यहां कार्यालय में आकर कनेक्शन न देने की शिकायत करते थे। जिस कारण विभाग मुख्यालय चंडीगढ़, ऑयल कंपनियों को भी कई बार पत्र लिखकर अनुमति देने की मांग की गई थी। एचपी गैस एजेंसी संचालक पप्पू चहल का कहना है कि इस बारे में आदेश मिल गए हैं।
गांव क्योड़क के लिए विशेष अनुमति
सीएम केे गोद लिए हुए गांव क्योड़क के लिए एजेंसियों ने विशेष अनुमति दी है। हालांकि यह शहर से करीब 12 किलोमीटर दूर स्थित है लेकिन विशेष अनुमति के चलते यहां भी अब गैस एजेंसियों द्वारा कनेक्शन दिए जाएंगे।