कैथल। नई दिल्ली में चल रही तीसरी इंडिया प्रोफेशनल बॉक्सिंग लीग में जिले के कुलदीप ने अपनी दूसरी बाउट जीतकर इतिहास रच दिया है। नेशनल चैंपियन रह चुके कुलदीप ढांडा ने शनिवार रात थाईलैंड के बॉक्सर को छह राउंड के कड़े मुकाबले में मात दी। बाउट के रेफरी और पांच जजों ने सर्वसम्मति से कुलदीप को विजयी घोषित किया। अब उसकी अगले महीने लाइटवेट में टाइटल बाउट होगी। सभी परिवारजन और जिले वासी उसकी जीत के लिए प्रार्थनाएं कर रहे हैं।
गांव कुलतारण के रहने वाले कुलदीप ने करीब दस साल पहले कोच राजेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में बॉक्सिंग का प्रशिक्षण लेना शुरू किया था। शुरू से ही होनहार कुलदीप ने राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर नाम कमाया। कई बार मेडल जीतने के बाद कुलदीप ने तीन माह पूर्व ही प्रोफेशनल बॉक्सिंग में कदम रखा।
अपने पहले ही मुकाबले में अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त थाईलैंड के बॉक्सर को कड़े मुकाबले में पराजित किया। 6 राउंड के मुकाबले के अंत में सभी 5 जजों और रेफरी ने सर्वसम्मति से कुलदीप को विजयी घोषित कर दिया। अब उसका अगले माह टाइटल मुकाबला होगा। कुलदीप एक सामान्य परिवार से संबंधित है। उसके पिता पोल्ट्री फार्म चलाते हैं।
कुलदीप के अलावा जिले के ही दो अन्य बॉक्सर संदीप और सतीश भी इस अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में भाग ले रहे हैं। संदीप भी अब तक प्रो. बॉक्सिंग के अपने मुकाबले जीत चुका है। वहीं सतीश का अभी मुकाबला होना है।
कुलदीप की जीत पर उसके परिजनों और कैथल के बॉक्सरों संदीप, सतीश, दीपक, सुमित, सोनू ढुल, विजय चहल, दिनेश कुमार सहित अन्य ने कहा कि यह कैथल के लिए गौरव का विषय है। इन बॉक्सरों को कुलदीप व अन्य सफल बॉक्सरों से प्रेरणा मिल रही है। कोच राजेंद्र सिंह ने कुलदीप को सफलता पर बधाई दी है।