कैथल। मारपीट और नाबालिग लड़की के साथ जबरदस्ती करने के मामले में अदालत से भगोड़ा घोषित आरोपी को एंटी नारकोटिक सेल की टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी गांव मांझला निवासी हिमांशु उर्फ रवि है। आरोपी जमानत पर बाहर आने के बाद अदालत में पेश नहीं हो रहा था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अदालत के आदेशानुसार जेल भेज दिया है।
पुलिस प्रवक्ता प्रवीण श्योकंद ने बताया कि कैथल निवासी एक व्यक्ति ने 3 नवंबर 2024 को थाना शहर में शिकायत दी थी। शिकायत में आरोप लगाया था कि गांव मांझला निवासी हिमांशु उर्फ रवि ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसकी गाड़ी को बाइक से टक्कर मारी और उसके साथ मारपीट की। इसके अलावा आरोपियों ने उसकी नाबालिग बहन के साथ जबरदस्ती की। शिकायत के आधार पर थाना शहर में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
जमानत के बाद अदालत में नहीं हुआ पेश
मामले में आरोपी हिमांशु उर्फ रवि ने अदालत से जमानत ले ली थी लेकिन इसके बाद वह सुनवाई के दौरान पेश नहीं हुआ। इस पर अदालत ने 1 जुलाई 2026 को उसे भगोड़ा घोषित कर दिया था। अदालत के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया।