कैथल। शहर में सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने और सड़क पर अतिक्रमण रोकने के लिए कैथल यातायात पुलिस की ओर से जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। बुधवार को यातायात प्रभारी इंस्पेक्टर दर्पण सिंह ने छात्रावास रोड पर दुकानदारों व रेहड़ी संचालकों को जागरूक किया। दुकानदारों और रेहड़ी संचालकों को हिदायत दी कि वे अपना सामान सड़क पर न रखें। रेहड़ियां भी सड़क के बीच या ऐसे स्थानों पर खड़ी न करें, जहां से लोगों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी हो।
उन्होंने कहा कि सड़क पर अतिक्रमण होने से यातायात बाधित होता है और लोगों को जाम की समस्या का सामना करना पड़ता है। उन्होंने दुकानदारों व रेहड़ी संचालकों से अपील की कि वे निर्धारित स्थान पर ही सामान रखें और सड़क को आवागमन के लिए खुला छोड़ें। यातायात थाना प्रभारी ने कहा कि यातायात व्यवस्था बनाए रखना केवल पुलिस की ही नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक की भी जिम्मेदारी है। सभी के सहयोग से शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के साथ यातायात को सुगम बनाया जा सकता है।