कैथल। सस्ता सोना देने के नाम पर 1 करोड़ 88 लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर तीन के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न आरोपों के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में ढुंढवा निवासी रामफल ने बताया कि वह गुलमोहर सिटी में किराये पर रहता है। गांव हजवाना निवासी अनिल कुमार का उसके पास आना जाना था। उसने बताया कि वह उसे सस्ता सोना दिलवा सकता है। यदि खरीदना है तो बता देना। वह उसकी बातों में आ गया। इसके बाद वह अनिल के साथ सुदकैन गांव निवासी विजय कुमार व रविश कुमार से मिलने के लिए जिरकपुर भी गया। जहां सर्विस स्टेशन पर बैठ कर सोने के बारे में बात हुई और उन्होंने मेरे साथ 23500/- रुपये 10 ग्राम का रेट तय किया और 12 से 15 दिन में सोना देने का समय तय हुआ। इसके बाद मै अपने घर आ गया। उसने अपने मित्रों और रिश्तेदारों से बात की और उनके पैसे एकत्रित किए । 13 नवंबर 2018 को उक्त तीनों को कैथल में 1.88 करोड़ रुपये दिए। उस समय उसके साथ गांव हरसौला निवासी सहदेव व तितरम निवासी बलिंद्र भी मौजूद था। तीनों ने उन्हें कहा कि उन्हें 26-27 नवंबर को सोना मिल जाएगा। उसने 28 नवंबर तक इंतजार किया। इसके बाद जब अनिल से पूछा तो उसने कहा कि एक-दो दिन रुक जाओ। इसके बाद वह टालमटोल करता रहा और 20 मार्च 2019 को कहा कि एक महीने का समय दे दो। यदि वह सोना नहीं दे सकता तो सारे रुपये ब्याज सहित वापिस कर देगा। एक महीना बीत जाने के बाद वह 28 अप्रैल को उससे मिला तो उसने कहा कि 30 अप्रैल को सोना ना मिलने पर उसके रुपये दे देंगे। इसके बाद जब 30 अप्रैल को उससे बात की तो वह उसे डराने लगा और रुपये मांगने पर गोली मारने की धमकी दी। उसने कहा कि यदि उसके परिवार के साथ कोई घटना होती है तो उक्त आरोपी जिम्मेवार होंगे। पुलिस ने उक्त तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।