संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल/राजौंद। सौंगल गांव में नौ दोस्तों ने युवक की पीटकर जान ले ली। एक अन्य दोस्त की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि मरने वाले युवक को पांडला गांव में मामा के घर दोस्तों ने बुलाकर उसे फंसाया और कमरे में उस पर हमला बोल दिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने सभी नौ आरोपियों के खिलाफ हत्या व अन्य संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है।
राजौंद थाने में दी गई शिकायत में पाडला निवासी अंकुश ने बताया कि उसकी गांव के ही विजय, अमन, सावन व प्रिंस आदि के साथ दोस्ती है। उसका एक दोस्त अमन अपने परिवार के साथ शिव कॉलोनी कैथल में किराये के मकान में रहता है। अमन के मामा का घर सौंगल गांव में हैं। 14 मार्च को अमन ने उन्हें फोन करके कहा कि उसका मामा विनोद उनको सौंगल में बुला रहा है। वे सभी मोटरसाइकिलों पर सवार होकर अमन के साथ उसके मामा के घर चले गए।
विनोद ने उनको एक कमरे में बैठा दिया। शाम को उन्हें झगड़ा होने की आशंका लगी तो वे कमरे से उठकर चलने लगे। इस पर अमन ने उनको साजिश के तहत वहीं रोक लिया। फिर 10 मिनट बाद कमरे के अंदर काफी आदमी आ गए और उनके साथ मारपीट करने लगे। इन लोगों में से सन्नी ने अपने हाथ में लिया हुआ रॉड प्रिंस के पीछे गर्दन पर मारा। इससे प्रिंस नीचे गिर गया। फिर रोहित व बिल्ला ने डंडे से हमला कर दिया। उनके साथ लख्मी, अजय, काला व विजय भी थे।
इस हमले में सिर पर लगी चोटों के कारण प्रिंस की मौत हो गई। बाद में शोर मचाने पर लोगों को आता देख आरोपियों ने मारपीट बंद कर दी। वे तुरंत प्रिंस को इलाज के लिए अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने भी उसे मृत घोषित कर दिया।
इस संदर्भ में राजौंद थाना प्रभारी राजकुमार ने बताया कि मामले में पुलिस ने नौ आरोपियों सन्नी, सावन, रोहित, बिल्ला, विजय, अजय, काला, विनोद और अमन के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।