कैथल। मोबाइल फोन पर लिंक भेजकर अज्ञात आरोपी ने दो उपभोक्ताओं के खातों से हजारों रुपये निकाल लिए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर साइबर थाना में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मायापुरी कॉलोनी निवासी रितु ने बताया कि वह पीएचडी कर रही है। तीन सितंबर की शाम को साढ़े पांच बजे उसके पास एक फोन आया। आरोपी ने कहा कि वह उसके पिता का दोस्त कर्मबीर बोल रहा है। उनके खाते में पैसे डलवाने हैं। उसने फोन पे नहीं चला रखा है, इसलिए उसका मोबाइल नंबर दिया है । आरोपी ने उससे एसबीआई का खाता पूछकर लिख लिया। आरोपी ने कहा कि उसके फोन नंबर पर एक लिंक आएगा। उसको भेज देना। उसने विश्वास में खाते का लिंक भेज दिया। पहले आरोपी ने उसके खाते में एक रुपया भेजा। इसके बाद आरोपी ने 20 हजार, 10 हजार व पांच हजार रुपये तीन बार में निकाल लिए।
इसके बाद आरोपी ने कहा कि और 80 हजार रुपये भेजने है। घर का कोई और नंबर दे दो। उसने देवरानी रेखा का खाता नंबर भेज दिया। आरोपी ने फिर उसका भी लिंक मांग लिया। आरोपी ने उसकी देवरानी के खाते से पहली बार 10 हजार, दूसरी बार एक हजार व तीसरी बार एक हजार रुपये निकाल लिए। शिकायतकर्ता ने बताया कि धोखाधड़ी से अज्ञात आरोपी ने उसके खाते से 75 हजार व देवरानी के खाते से 11 हजार 500 रुपये निकाल लिए। पुलिस ने मामले की आगामी जांच शुरू कर दी है।