संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। पाई गांव में एक युवक से अमेरिका भेजने के नाम पर 29 लाख 80 हजार रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। पूंडरी थाना पुलिस ने आरोपी दंपती व उसके बेटे के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पाई गांव निवासी कर्मवीर सिंह ने पूंडरी पुलिस में दी गई शिकायत में बताया कि उसकी जिला जींद के पड़ना गांव के गौरव के साथ जान पहचान थी। गौरव ने उसे बाद में करनाल के पुरानी कचहरी रोड महावीर दल अस्पताल निवासी संजीव व उसकी पत्नी नेहा और बेटे से मिलाया। तीनों ने उसके भाई जसबीर को अमेरिका भेजने की बातचीत की।
इस पर उनका 50 लाख रुपये में सौदा तय हुआ। बाद में आरोपियों ने उससे जसबीर का पासपोर्ट, आधार कार्ड, वोटर कार्ड में अन्य दस्तावेज ले लिए। आरोपियों ने 29 लाख 80 हजार की राशि लेने के बाद उसे विदेश भेजने के नाम पर थाईलैंड, कंबोडिया व इंडोनेशिया में करीब एक महीने तक घुमाने के बाद वापस भारत भेज दिया।
वापस आने के बाद जब उसने आरोपियों से रुपये वापस मांगे। इस पर आरोपियों ने रुपये वापस देने से साफ इंकार कर दिया। मामले के जांच अधिकारी महिपाल ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी दंपती और उसके बेटे के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।