संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। एक व्यक्ति को मान्यता प्राप्त स्कूल का हिस्सेदार बनाने के नाम पर 15 लाख 75 हजार रुपये की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। कलायत थाना पुलिस ने सात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में बालू गांव निवासी रोहतास कुमार ने आरोप लगाया कि गांव के सुरेश कुमार, शीला देवी, रीटा, साहिल, राजेश कुमार, सेवाराम और विजेंद्र ने उसके साथ ठगी की है। उन्होेंने बताया कि शिव शिक्षा समिति की ओर से बालू में चलाया जा रहा स्कूल स्थाई मान्यता प्राप्त है।
उसे स्कूल में हिस्सेदार बना लिया गया और उससे 15 लाख 75 हजार रुपये ले लिए गए। बाद में जब उसने जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय कैथल में जांच करवाई तो उसे फर्जी दस्तावेज के आधार पर फर्जी तरीके से मान्यता लेने वाले दर्शाया गया है।
आरोपियों ने उसे धोखे में रखकर उसके साथ धोखाधड़ी की। आरोप है कि जब उसने आरोपियों से अपनी राशि वापस लेने की मांग की तो आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। मामले की जांच अधिकारी कलायत थाना पुलिस के बलवान सिंह ने बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।