संवाद न्यूज एजेंसी
ढांड। एफसीआई की ओर से ढांड मंडी के आढ़तियों की आढ़त नही दिए जाने का मुद्दा लगातार गर्माता जा रहा है। आढ़ती शासन व प्रशासन से कई बार गुहार लगा चुके हैं। इसके बाद भी मामला सुलझने का नाम नहीं ले रहा है। आढ़तियों में एफसीआई व सरकार के खिलाफ रोष जताया है।
मंडी प्रधान सलिंद्र शर्मा के प्रतिष्ठान पर रविवार को आढ़तियों ने बैठक कर आगे की रणनीति पर विचार किया। मंडी प्रधानशर्मा ने बताया कि आगामी गेहूं सीजन 2024-25 के लिए सोलूमाजरा स्थित अदानी साइलो में गेहूं नही दिए जाने का आढ़ती एकमत होकर बहिष्कार कर चुके है। मंडी के समस्त आढ़ती इस बात पर अडिग हैं कि आगामी सीजन में किसानों कही गेहूं मंडी में ही डलवाएंगे और तुलाई के लिए सरकार से बारदाने कही मांग करेंगे।
इसके लिए मंडी एसोसिएशन एक प्रस्ताव पारित कर भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक गुर्जर के नेतृत्व में कुछ दिन पहले कैथल के उपायुक्त प्रशांत पंवार को मांग पत्र भी सौंप चुका है। प्रधान ने कहा कि आढ़तियों का कारोबार आढ़त के मार्फत ही चलता है, अप्रैल 2023 में एफसीआई ने आढ़तियों के मार्फत गेहूं अदानी साइलो में गेहूं की खरीद कर उनकी आढ़त न देकर धोखा किया है। प्रधान ने कहा कि जब तक एफसीआई आढ़तियों का भुगतान नही करती तब तक बहिष्कार जारी रहेगा।
यह है पूरा मामला
अप्रैल 2023 में एफसीआई ने ढांड मंडी के आढ़तियों के मार्फत गेहूं की खरीद की थी। खरीद करने के बाद आढ़त का भुगतान नही किया है। वहीं खरीद करते समय आढ़तियों की ओर से आई फार्म जनरेट करने पर सरकार की ओर से पोर्टल पर 46 रुपये 88 पैसे आढ़त दर्शाई गई थी। आढ़त पाने के लिए आढ़तियों ने भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक गुर्जर तथा सांसद एवं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष नायब सैनी से गुहार लगाई थी। इके बाद एफसीआई ने आधी आढ़त का भुगतान कर दिया और आधी अभी भी बाकी है।