संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। पुलिस ने रबड़ कारोबारी से लगभग चार करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। अदालत से आरोपी का 12 दिन का पुलिस रिमांड भी हासिल किया गया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, इकनॉमिक सेल के पीएसआई संदीप कुमार की टीम ने जांच के दौरान पश्चिम बंगाल के हावड़ा निवासी उत्पल कुमार चौधरी को गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई सेक्टर-19 कैथल निवासी साहिल सचदेवा की शिकायत पर की गई।
शिकायतकर्ता साहिल ने बताया कि वह मेसर्स साहिल एंटरप्राइजेज का मालिक है, जो 2009 से नेचुरल रबड़ ट्रेडिंग का कार्य कर रही है। इसके अतिरिक्त उनके पिता रमेश मेसर्स रमेश एंड कंपनी के प्रोपराइटर हैं। वर्ष 2015 में साहिल ने त्रिपुरा के अगरतला में भी अपनी शाखा शुरू की थी।
सितंबर 2022 में उत्पल कुमार चौधरी ने साहिल से संपर्क किया और खुद को सीएसएसएस चलताकली स्वामी सेवा संघ का मालिक बताते हुए सरकारी विभागों और प्रभावशाली लोगों से संबंध होने का दावा किया। उसने खुद को त्रिपुरा सरकार के उच्चतर शिक्षा विभाग का निदेशक भी बताया और मिड-डे मील टेंडर, एफसीआई गोदाम सप्लाई जैसे प्रस्ताव पेश किए।
आरोपी ने व्हाट्सएप पर फर्जी टेंडर डॉक्यूमेंट भेजे और एक करोड़ रुपये की निविदा को वास्तविक दर्शाते हुए नकली बिल व लेनदेन मेसर्स साहिल एंटरप्राइजेज के खातों में दर्ज करवाए। इसके बाद उसने ‘बृज एंड रूप कंपनी इंडिया लिमिटेड’ नामक संस्था के नाम पर किसानों के लिए स्मोक हाउस बनाने की योजना का झांसा देकर और राशि ऐंठ ली।
एसटीएफ गिरफ्तारी और प्रोडक्शन वारंट ः बाद में पता चला कि उत्पल को 13 जनवरी 2025 को एसटीएफ ने किसी अन्य मामले में गिरफ्तार किया था और वह बरूईपुर (कोलकाता) जेल में बंद था। इस केस में गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए अदालत से प्रोडक्शन वारंट जारी किए गए।
अब तक की जांच में सामने आया है कि आरोपी ने कुल लगभग चार करोड़ रुपये की ठगी की है। पुलिस ने बताया कि आगे की गहन पूछताछ और नेटवर्क की पड़ताल के लिए आरोपी का 12 दिन का रिमांड हासिल किया गया है।