संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार मस्तगढ़ गांव निवासी देवेंद्र की 27 अगस्त को लगने वाली अगली पेशी अहम मानी जा रही है। इस बार कोर्ट में उसके बचाव पक्ष के वकील भी दलीलें पेश करेंगे।
इससे पहले 27 जुलाई के बाद हुई पेशी में देवेंद्र को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अदालत में पेश किया गया था। जांच में सामने आया था कि देवेंद्र के मोबाइल से 25 हजार फोटो बरामद हुईं, साथ ही उसने पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी के चार एजेंटों से करीब 200 बार फोन पर बातचीत की थी। आरोप है कि पाकिस्तान से भारत लौटने के बाद देवेंद्र वाट्सएप और स्नैपचैट से बात करता था। पुलिस ने इस मामले में 136 पन्नों की चार्जशीट दाखिल कर दी है। देवेंद्र के मोबाइल से मिले डेटा को भी 13 अगस्त को अदालत में प्रस्तुत किया जा चुका है। आगामी पेशी में आरोपी को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से पेश किया जाएगा या कोर्ट में लाया जाएगा, यह अभी तय नहीं है।
साइबर थाना पुलिस ने देवेंद्र के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 152, 238 और 5 के तहत सरकार की खुफिया जानकारी सार्वजनिक करने का केस दर्ज किया है।