कैथल। जिले के गांव रोहेड़ियां में स्व. शिशपाल सैनी की स्मृति में आयोजित टेनिस बाल क्रिकेट प्रतियोगिता के दूसरे दिन कई रोचक और संघर्षपूर्ण मुकाबले खेले गए। प्रतियोगिता के पहले मुकाबले में चोथा गांव की टीम ने तितरम की टीम को पराजित किया। वहीं अन्य मुकाबलों में फ्रांसवाला ने कैथल, सीवन ने चंदाना, बालू ने पाई और मानस ने देडवा की
टीम को मात दी।
शनिवार को प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी (डीआईपीआरओ) नसीब सैनी ने शिरकत की। आयोजकों द्वारा उनका स्वागत किया गया। इस अवसर पर नसीब सैनी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उत्साहवर्धन किया।
उन्होंने कहा कि खेलों से न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक विकास भी होता है। खेल तनाव को कम करते हैं, एकाग्रता बढ़ाते हैं और अनुशासन की भावना विकसित करते हैं। इसके साथ ही खेलों के माध्यम से टीम वर्क, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास में वृद्धि होती है, जो जीवन के हर क्षेत्र में सफलता के लिए सहायक है। इस मौके पर आयोजक टीम की ओर से मुकेश सहित अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।