कैथल। कलायत क्षेत्र में प्लाट पर कब्जा करने की नीयत से जानलेवा हमला करने के मामले में सीआईए-1 की टीम ने चौथे आरोपी वार्ड नं 3 कलायत निवासी राकेश उर्फ राकू को गिरफ्तार किया है। मामले में पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। डीएसपी कलायत रोहताश ने बताया कि वार्ड नंबर 12 कलायत निवासी शीशपाल की शिकायत पर थाना कलायत में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
शिकायतकर्ता के अनुसार रेलवे रोड कलायत स्थित एक प्लाट के लिए आरोपियों के साथ विवाद चल रहा था। आरोप है कि प्लाट पर कब्जा करने के उद्देश्य से आरोपियों की ओर से फर्जी दस्तावेज तैयार किए गए और निर्माण कार्य में बाधा पहुंचाई गई। शिकायत के अनुसार 1 जुलाई 2026 की रात शीशपाल व उसकी पत्नी माया देवी प्लाट पर मौजूद थे। इस दौरान कुछ आरोपी दीवार फांदकर प्लाट में घुस आए और निर्माण को नुकसान पहुंचाया। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। बाद में रात करीब 2 बजे रेलवे रोड स्थित मोरवी नंदन अस्पताल के पास आरोपियों ने शीशपाल व उसकी पत्नी का रास्ता रोक लिया।
आरोप है कि सतबीर उर्फ सोनू रैबारी व उसके साथी ने शीशपाल पर डंडों से हमला कर उसे घायल कर दिया। घायल को पहले सरकारी अस्पताल कलायत और बाद में सरकारी अस्पताल कैथल रेफर किया गया। इस बारे में थाना कलायत में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी राकेश उर्फ राकू भी वारदात में शामिल था। जांच में सामने आया कि आरोपी राकेश अपने अन्य साथी प्रवीन उर्फ डुली, सलीम और अन्य के साथ मिलकर किसी कमजोर आदमी के प्लाट पर जबरन कब्जा करने, जबरन वसूली करने, धोखाधड़ी करने सहित अन्य वारदातों को अंजाम देने का एक संगठित गिरोह चला रहा है। आरोपी राकेश पर पहले भी लुट, चोरी, जबरन वसूली आदि के सात से अधिक मामले दर्ज हैं। व्यापक पूछताछ के लिए आरोपी का न्यायालय से दो दिन पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।