संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। थाना शहर पुलिस ने एक आरोपी से पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ के बाद चार चोरीशुदा बाइक बरामद की है। बाद में आरोपी को पुलिस ने जेल भेज दिया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सात अक्तूबर को थाना शहर पुलिस के एचसी संदीप कुमार की टीम की ओर से खुराना रोड बाईपास कैथल पर नाकाबंदी के दौरान एक बाइक पर सवार बलराज नगर कैथल निवासी आरोपी अनुज को काबू किया गया था। उक्त बाइक पिहोवा से चोरी होनी पाई गई थी।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि थाना शहर एसएचओ इंस्पेक्टर बीर सिंह की अगुवाई में मामले की आगामी जांच के लिए एएसआई बलजोर सिंह की टीम कर रही है। टीम ने अनुज से पूछताछ के लिए उसे न्यायालय में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया। इस दौरान पूछताछ के बाद आरोपी के घर से चार अन्य चोरीशुदा बाइक बरामद की गई है।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने स्वीकारा है कि पिहोवा, निसिंग व धमतान साहिब जिला जींद से ये बाइक उसने चोरी की है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि संबंधित थानों को सूचना प्रेषित कर दी गई है। आरोपी सोमवार को अदालत के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।