संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। पूंडरी के एक खल व्यापारी से साइबर ठगों ने करीब चार लाख रुपये ऐंठ लिए गए। जिले में एपीके फाइल का लिंक भेजकर रुपये ठगने के मामले बढ़ रहे हैं। बीते एक सप्ताह में ऐसे तीन मामले सामने आ चुके हैं। चार दिन पहले ही आरटीओ नामक एपीके फाइल डाउनलोड करवाकर एक युवक से छह लाख रुपये ठगे गए थे।
पूंडरी निवासी अमित बंसल ने साइबर थाना कैथल में दी शिकायत में बताया कि उसकी खल-बिनौले की दुकान है। 12 अगस्त को उसके मोबाइल पर एक संदेश आया, जिसमें आरटीओ के नाम से एप डाउनलोड करने का लिंक था। मैसेज में लिखा गया कि उसकी गाड़ी का चालान कट गया है और फाइन भरने के लिए एप्लिकेशन डाउनलोड करनी होगी।
शिकायत के मुताबिक, व्यापारी ने लिंक से एपीके फाइल डाउनलोड कर ली और एप्लिकेशन द्वारा मांगी गई सभी परमिशन भी दे दीं। इसके बाद उसके मोबाइल से आने वाले सभी टेक्स्ट मैसेज एक अन्य नंबर पर जाने लगे। स्थिति पर शक होने पर उसने एप डिलीट कर दिया, लेकिन थोड़ी देर बाद उसे अलग-अलग ट्रांजेक्शन के मैसेज मिले।
इन ट्रांजेक्शनों में कुल तीन लाख 89 हजार 500 रुपये उसके बैंक क्रेडिट कार्ड से कट चुके थे। तब जाकर उसे साइबर ठगी का अहसास हुआ। व्यापारी ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने और अपने रुपये वापस दिलाने की मांग की। साइबर थाना प्रभारी सुभ्रांशु ने बताया कि अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।