कलायत। कलायत उपमंडल में मुख्यमंत्री उड़नदस्ता टीम व आरटीए कार्यालय की संयुक्त टीम ने चार ओवरलोड डंपरों पर एक लाख 56 हजार रुपये का जुर्माना किया।
मुख्यमंत्री उडऩदस्ता प्रभारी रवींद्र शर्मा ने बताया कि गुप्तचर इकाई कैथल से मुख्यमंत्री उडऩदस्ता जींद कैथल को सूचना मिली थी कि कलायत उपमंडल में ओवरलोड वाहन निर्बाध रूप से सड़कों पर लंबे समय से दौड़ रहे हैं।
सूचना के आधार पर आरटीए विभाग के सक्षम अधिकारी मंदीप सिंह व उडऩदस्ता टीम के निरीक्षक राजदीप सिंह की संयुक्त टीम ने चेकिंग अभियान चलाया। उन्होंने बताया कि टीम जब बात्ता के निकट पहुंची तो टीम को कैथल साइड से चार मिट्टी से भरे डंपर आते मिले।
संदीप सिंह ने सभी ट्रकों को रुकवा कर उनका वजन करवाया। सभी डंपरों में निर्धारित मात्रा से अधिक वजन मिला। ओवरलोड ले जाने की एवज में टीम ने डंपरों पर जुर्माना किया है। सभी डंपरों को कलायत बस स्टैंड पर इंपाउंड किया।
गौरतलब है कि पिछले काफी लंबे समय से एक्सप्रेस हाईवे निर्माण कार्य के नाम पर कलायत क्षेत्र की सड़कों पर दौड़ रहे मिट्टी डंपर लोगों के लिए समस्या का कारण बने हैं। आशीष मोर, बलवान सिंह, जगदीप सिंह व काला का कहना है कि नेशनल हाईवे सहित ओवरलोड मिट्टी डंपरों के कारण लगभग सभी संपर्क मार्गों के अलावा नहर की पटरियां भी क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। मिट्टी डंपरों के कारण क्षतिग्रस्त हुए मार्गों पर पशु गाड़ी व ट्रैक्टर चलाना तो दूर की बात, पैदल भी नहीं चल पा रहे हैं। मिट्टी ढुलाई निजी एजेंसी अपनी सुविधा से मार्गों पर अवैध कट लगा लोगों को परेशान कर रही थी। समस्या को लेकर अनेक गांवों के लोग रोष प्रकट कर चुके हैं और संबंधित विभागों को पत्र लिख कर इन ओवरलोड डंपरों पर लगाम लगाने की मांग कर चुके हैं।