संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ ने मोबाइल फोन दुकानों में चोरी के मामले में दो नाबालिगों सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर तीन वारदातों का खुलासा किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 10 लाख रुपये मूल्य के 72 चोरीशुदा मोबाइल फोन और एक छीनी गई बाइक बरामद की गई है।
डीएसपी गुरविंद्र सिंह ने पत्रकारों को बताया कि सीवन और पूंडरी में दो मोबाइल दुकानों से चोरी और पूंडरी में एक बाइक व नकदी की स्नैचिंग की वारदातों में चार आरोपियों की संलिप्तता पाई गई है।
डोहर निवासी रोहित ने पुलिस को शिकायत दी थी कि सीवन फिरोजपुर रोड स्थित उसकी ‘एनआरआई’ नामक मोबाइल दुकान से 4 जुलाई की रात अज्ञात चोर ताला तोड़कर करीब 20 स्मार्टफोन, 6 बेसिक फोन और 10 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। इस संबंध में थाना सीवन में केस दर्ज किया गया था।
एसपी आस्था मोदी के निर्देश पर एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ को त्वरित कार्रवाई के आदेश दिए गए। स्टाफ प्रभारी एसआई प्रदीप कुमार की टीम ने 11 जुलाई की शाम पाडला रोड, कैथल से एक बाइक समेत कैलरम निवासी अनिल और सिरटा रोड, कैथल निवासी अमीन को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद शनिवार सुबह कैथल निवासी दो 17 वर्षीय नाबालिगों को भी पकड़ा गया।
डीएसपी ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने 4 जुलाई की रात पहले सीवन की दुकान में चोरी की, फिर पूंडरी के कैथल रोड स्थित एक अन्य मोबाइल शॉप को निशाना बनाया।
अनिल ने यह भी कबूल किया कि उसने पूंडरी निवासी एक साथी के साथ मिलकर मटरवा खेड़ी रोड पर एक व्यक्ति से देसी कट्टे की नोक पर मारपीट कर उसकी बाइक और नकदी छीनी थी। इस मामले में यूपी निवासी पीड़ित की शिकायत पर थाना पूंडरी में केस दर्ज है।
अनिल ने बताया कि वारदात के बाद वह साथी को पूंडरी स्थित उसके घर छोड़कर छीनी गई बाइक से कैथल आया, जहां उसने अमीन और दो नाबालिगों के साथ मिलकर मोबाइल दुकानों में चोरी की योजना बनाई। चारों आरोपी इसी बाइक पर सवार होकर सीवन और पूंडरी में मोबाइल चोरी की वारदातों को अंजाम देने गए थे।