संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। शहर के प्रमुख मार्गों में शामिल छात्रावास रोड, भगत सिंह चौक से रेलवे गेट व चंदाना गेट तक की जर्जर सड़कों का अब नया निर्माण किया जाएगा। नगर परिषद ने इस बहुप्रतीक्षित परियोजना की निर्माण प्रक्रिया शुरू कर दी है, जो लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से राइट टू स्कीम के तहत पूरी की जाएगी।
इस क्षेत्र की सड़कें पिछले 20 वर्षों से उपेक्षित हैं। बारिश के मौसम में यहां की हालत और खराब हो जाती है। गहरे गड्ढों और जलभराव के कारण वाहन चालकों व राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
अब नगर परिषद इस सड़क को सरकार की राइट टू स्कीम के तहत बनाएगी। योजना के तहत न केवल सड़कें बनेंगी, बल्कि इस मार्ग पर दोनों ओर फुटपाथ, नए डिवाइडर और स्ट्रीट लाइटें भी लगाई जाएंगी, ताकि सुरक्षा और सुविधा दोनों सुनिश्चित की जा सकें।
इस निर्माण कार्य को शहरवासियों के लिए बड़ी सौगात माना जा रहा है, जिससे न केवल ट्रैफिक व्यवस्था सुधरेगी, बल्कि आमजन का सफर भी सुगम और सुरक्षित होगा।
बारिश के समय होती है अधिक परेशानी : भगत सिंह चौक से लेकर रेलवे गेट, भगत सिंह चौक से चंदाना गेट, रेलवे स्टेशन व कबूतर चौक जाने वाली सड़कों की इन दिनों खस्ता हालत है। गहरे गड्ढे होने के कारण लोगों को सफर करने में दिक्कत आती है। यहां सीवरेज के ढक्कन भी ऊंचे बनाए गए हैं, इस कारण हादसे होने का डर बना रहता है। यहां पर बारिश के समय अधिक परेशानी होती है। इन रास्तों पर बारिश के दिनों में जलभराव होने से परेशानी बढ़ जाती है।
लंबे समय से इन मार्गों के निर्माण की मांग उठाई जा रही है। दुकानदारों का कहना है कि गहरे गड्ढे होने से सफर करने में दिक्कत आती है। लंबे समय से इनका निर्माण नहीं हुआ है। चौक-चौराहे भी बदहाल स्थिति में हैं।
रेलवे गेट से लेकर भगत सिंह चौक , भगत सिंह चौक से चंदाना गेट, रेलवे स्टेशन व कबूतर चौक तक नई सड़क के निर्माण के लिए नई सड़क बनाई जाएगी। इसके लिए डीपीआर तैयार हो चुकी है। अनुमति मिलते ही इन सड़कों के निर्माण के लिए निविदा सूचना जारी कर दी गई। -सुरभि गर्ग, अध्यक्ष-नगर परिषद कैथल