कैथल। पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 150 बोतल शराब बरामद हुई और शराब तस्करी में प्रयुक्त गाड़ी व बाइक जब्त कर ली गई।
पुलिस प्रवक्ता प्रवीन ने बताया कि पहले मामले में अपराध शाखा कलायत प्रभारी एएसआई मनीष कुमार की टीम ने नेशनल हाईवे पर रामगढ़ की तरफ आने वाले रास्ते पर नाकाबंदी की। एक बाइक पर आए संदिग्ध जींद निवासी कर्मबीर को पुलिस टीम ने काबू किया। जांच दौरान आरोप के कब्जे से 12 कोल्ड्रिंक्स बोतलों से 30 हथकढ़ी शराब बरामद हुई। आरोपी कर्मबीर ने बताया कि वह यह शराब करनाल निवासी सुबा सिंह से लाया है।
दूसरे मामले में अपराध शाखा-1 प्रभारी एसआई जसवंत सिंह की टीम ने चीका रोड कैथल स्थित ड्रेन पुल के नजदीक नाकाबंदी की। कुछ समय बाद चीका रोड की तरफ से एक सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार आती दिखाई दी। पुलिस टीम को देखकर चालक ने कार वापस मोड़ने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने कार सहित दोनों युवकों को काबू कर लिया। जिनकी पहचान डेरा गरजा सिंह निवासी सुखविंद्र सिंह और गुरप्रीत सिंह के रूप में हुई। जांच दौरान आरोपियों के कब्जे में गाड़ी से 3 प्लास्टिक कैनियों से कुल 120 बोतल हथकढ़ी शराब बरामद हुई।