संवाद न्यूज, एजेंसी
कैथल। पुलिस ने युवक का अपहरण कर बुरी तरह मारपीट करने के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में गांव पाई निवासी सुनील, अनिल तथा सिसमोर निवासी आर्यन और सुनील शामिल हैं। मामले की जांच सीआईए-1 प्रभारी एसआई जसवंत सिंह और एएसआई प्रदीप कुमार की टीम ने की।
पुलिस प्रवक्ता प्रवीण श्योकंद ने बताया कि पाई निवासी सचिन ने शिकायत दी थी कि उसकी पाई निवासी सिकन्दर और सिसमौर निवासी मौन्टी के साथ पुरानी रंजिश चल रही है। तीन नवंबर को दोपहर लगभग एक बजे वह अपने साथी मोहित के साथ सेगा होते हुए कैथल जा रहा था। जैसे ही वह सेगा गांव पहुंचा, तभी एक सफेद कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद कार से सिकन्दर, सोनू, अनिल, मोन्टी और अजय वाल्मीकि लाठी-डंडों के साथ उतरे और सचिन पर हमला कर दिया। मोहित किसी तरह मौके से भागने में सफल रहा। आरोपियों ने घायल सचिन का अपहरण कर उसे सिकंदर के घर ले जाकर दोबारा मारपीट की और बाद में उसे गांव के रामलीला ग्राउंड में फेंककर फरार हो गए।
परिजनों ने गंभीर हालत में सचिन को कैथल के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसे अधिक चोटों के चलते कल्पना चावला हॉस्पिटल करनाल रेफर किया गया। मामले में थाना तितरम में मारपीट, अपहरण, जान से मारने की धमकी समेत विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि तीन नवंबर को दोपहर लगभग एक बजे कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि एक युवक की बाइक को टक्कर मारकर उसे लाठी-डंडों से पीटा गया और आरोपी उसे गाड़ी में डालकर ले गए हैं। एसपी उपासना के निर्देश पर तत्काल सीलिंग प्लान के तहत नाकाबंदी करवाई गई। सीआईए-1 और तितरम थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सिकन्दर को करीब 40 मिनट में काबू कर लिया। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों में पहले से रंजिश है और मामला कोर्ट कैथल में विचाराधीन है।