कैथल। पुलिस ने शराब तस्करी के अलग-अलग चार मामलों में चार आरोपी काबू कर लिए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 715 लीटर लाहण और 30 बोतल हथकड़ी शराब बरामद की है। सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में प्राथमिकी दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस प्रवक्ता प्रवीन ने बताया कि पहले मामले में थाना राजौंद पुलिस की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर राजौंद-संतोख माजरा सड़क पर स्थित रणबीर सिंह के खेत कोठे पर दबिश देकर दो प्लास्टिक ड्रमों से 300 लीटर लाहण बरामद किया। दूसरे मामले में टीम ने राजौंद-संतोख माजरा रोड स्थित वार्ड नंबर एक निवासी सुरेंद्र के खेत में बने मुर्गी फार्म पर दबिश देकर प्लास्टिक ड्रम से 100 लीटर लाहण और एक प्लास्टिक कैनी से 30 बोतल अवैध शराब बरामद की। तीसरे मामले में टीम ने सांपनखेड़ी निवासी जसबीर सिंह को 180 लीटर लाहण सहित काबू किया। चौथे मामले में थाना शहर कैथल पुलिस ने डेरा गरजा सिंह, पट्टी अफगान निवासी गुरमीत सिंह को खेत की मेड़ पर रखी नौ प्लास्टिक कैनियों से 135 लीटर लाहण बरामद किया। पुलिस के अनुसार सभी मामलों में नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है।