संवाद न्यूज एजेंसी
गुहला-चीका। पूर्व विधायक कुलवंत बाजीगर ने मंगलवार को अपने कार्यालय में जनता दरबार लगाकर आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को तुरंत समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता जनता की सेवा करना और क्षेत्र के विकास कार्यों को गति देना है।
कुलवंत बाजीगर ने कहा कि वह आमजन को किसी भी प्रकार की समस्या आने नहीं देंगे। जनता दरबार में उपस्थित लोगों ने बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य सुविधाओं और स्थानीय निकायों से जुड़ी समस्याएं उठाईं।
पूर्व विधायक ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना और विभागीय अधिकारियों को संबंधित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निपटान करने के निर्देश दिए।
बाजीगर ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में हरियाणा प्रदेश नई दिशा की ओर अग्रसर है। उन्होंने बताया कि भाजपा सरकार ने आमजन के हित में कई कल्याणकारी योजनाएं शुरू की हैं और आने वाले समय में इन योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुँचाना सुनिश्चित किया जाएगा।
पूर्व विधायक ने विशेष रूप से लाडो लक्ष्मी योजना का जिक्र करते हुए कहा कि यह योजना प्रदेश की बेटियों के भविष्य को सुरक्षित करेगी। जल्द ही यह योजना लागू होने जा रही है, जिससे बेटियों की पढ़ाई और शादी से जुड़ी आर्थिक चिंताओं को दूर किया जा सकेगा।