संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत (कैथल)। वार्ड-1 में रहने वाली एक बुजुर्ग महिला की आपबीती सुनकर पुलिस की नशा जागरूकता टीम भी भावुक हो गई। महिला ने बताया कि शराब के अवैध खुर्दों के कारण उनका घर बर्बाद हो गया है। उनका बेटा शराब पर सारे पैसे खर्च करता है और उन्होंने पुलिस से हाथ जोड़कर इन खुर्दों (अवैध अड्डों) को बंद करवाने की गुहार लगाई।
महिला ने जागरूकता टीम को वार्ड 1 और वार्ड 2 में सरेआम बिक रही शराब और अन्य नशे की सामग्री की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन खुर्दों के कारण नशेड़ी जमा होते हैं और बस्ती में रहने वाले लोगों का जीवन दूभर हो गया है।
पुलिस ने खुर्दों पर मारा छापा, शराब की बोतलें तोड़ीं
महिला की शिकायत पर मंगलवार को सजुमा रोड पर जागरूकता अभियान चलाने पहुंची पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई की। टीम ने तीन खुर्दों पर दबिश दी, जहां कुछ युवक शराब पीते हुए पाए गए। नशा मुक्ति टीम में शामिल सुनील संधू, ओमप्रकाश और सोनिया ने मौके पर मिली शराब की बोतलों को तोड़ दिया और प्लास्टिक की बोतलों में भरी अवैध शराब को जमीन में फेंक दिया। खुर्दा संचालकों और वहां मौजूद लोगों को सख्त चेतावनी दी गई कि भविष्य में नशा बेचने या शराब पीने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों ने बताया कि नशा मुक्ति अभियान से काफी राहत मिली थी, लेकिन अब अवैध ठिकाने फिर से खुल गए हैं।
07kht_40_वार्ड नंबर 1 में अवैध शराब बिक्री के अड्डों की जानकारी लेती पुलिस