कैथल। उपायुक्त अपराजिता ने कहा कि जिले में दूध और दूध से बने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमें नियमित जांच करेंगी और नमूने लेंगी। दूध, पनीर, घी और रसगुल्ले के निर्माण से लेकर बिक्री तक निगरानी रखी जाएगी। इसके अलावा बिना रेफ्रिजरेशन व्यवस्था के डेयरी उत्पाद रखने वाले प्रतिष्ठानों की भी जांच होगी। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उपायुक्त ने अपने कार्यालय में जिला स्तरीय सलाहकार समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमें नियमित निरीक्षण करें और नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. सुशील कुमार, डीएसपी सुशील प्रकाश, सिविल सर्जन डॉ. बलविंद्र गर्ग, खाद्य सुरक्षा विभाग के नामित अधिकारी डॉ. बिरेंद्र यादव और फूड सेफ्टी ऑफिसर डॉ. अभिषेक शर्मा मौजूद रहे।
मार्च से अब तक लिए 198 नमूने
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि मार्च 2026 से अब तक जिले में खाद्य पदार्थों के 198 नमूने लिए जा चुके हैं। इनकी जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं। डीसी ने सैंपलिंग और निरीक्षण की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बिना एफएसएसएआई पंजीकरण या लाइसेंस के कारोबार करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई करने के साथ जुर्माना भी लगाया जाए।
स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में भी होगी जांच
डीसी ने मिड-डे मील, आंगनबाड़ी केंद्रों और पीएम श्री स्कूलों में बच्चों को दिए जाने वाले भोजन व दूध की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन संस्थानों में औचक निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए जाएं, ताकि बच्चों को सुरक्षित और पौष्टिक भोजन मिल सके। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को आशा और एएनएम कार्यकर्ताओं के माध्यम से लोगों को सुरक्षित खाद्य पदार्थों के प्रति जागरूक करने के लिए भी कहा।