संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। लोकसभा चुनाव प्रकिया के तहत मतदान आगामी 25 मई को होना है। मतदान तिथि नजदीक लगने के साथ अब लगातार आमजन से जुड़े मुद्दों पर बात होने लगी है। इन मुद्दों में कई मुद्दे रेलवे के भी हैं। इसमें रेलवे अंडरपास की बदहाल स्थिति को ठीक करना भी एक बड़ा मुद्दा है। बारिश के समय ये हादसों का सबब बनते रहे हैं।
गौतलब है कि शहर में से होकर गुजरने वाले रेलवे अंडरपास पर समस्याओं की भरमार होने के कारण आमजन को काफी परेशानियों का सामना करना बड़ा है। यहां पर सबसे अधिक परेशानी बारिश के समय में जलभराव का होना है। इसके साथ ही अंडरपास की सड़कों के खराब होने से भी परेशानी होती है। वहीं, लाइटों की भी व्यवस्था नहीं होने से चोरी की वारदातें भी बढ़ती है।
रेल यात्री कल्याण समिति सहित शहर के अन्य लोगों ने इस समस्या के समाधान की मांग की है। उनका कहना है नया सांसद अपना पदभार संभालने के बाद रेलवे अंडरपास के रूप में बने मौत के कुओं से लोगों को बचाने का काम जरूर करे।
समस्याओं का अंबार लगा लाइट न सड़क का प्रबंधन
रेलवे अंडरपास में समस्याओं का अंबार लगा है। यहां पर रेलवे की ओर से न तो लाइट का प्रबंध है और न ही सड़क को ठीक किया गया है। यहां पिछले लंबे समय से सड़क टूटी हुई है। इस पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। यहां पर जलभराव होने के बाद पानी निकालने के रिचार्ज बोर भी नहीं गए हैं। इसके साथ ही यहां पर सीसीटीवी का भी प्रबंध होना चाहिए। रात में यहां पर बहुत कम रोशनी होने के कारण चोरी की घटनाओं की अधिक आशंका रहती है। - लाजपत सिंगला, वरिष्ठ उप प्रधान, रेल यात्री कल्याण समिति, कैथल।
पहले लगी थी 23 वॉट, अब लगा दी नौ वॉट की लाइन
रेलवे अंडरपास पर लाइट की समस्या उठाने के बाद संबंधित विभाग की ओर से यहां पर कुछ लाइटें लगाई गईं। पहले 23 वॉट की लाइट लगाई गईं पर फिर केवल नौ वॉट की लाइट ही लगाई गई। यहां पर कम रोशनी की वजह से चोरी की घटनाओं की अधिक आशंका
रहती है। कुछ समय पहले रेलवे ने शेड लगवाया था लेकिन बारिश के समय
पानी नहीं रुकता है। इसलिए इस
समस्या का समाधान होना चाहिए। - कर्मचंद जिंदल, प्रधान, रेल यात्री कल्याण समिति, कैथल।