संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। खंड के गांव भालंग में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने पेयजल के अवैध उपयोग के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए पांच कनेक्शन काट दिए। कार्रवाई में चार अवैध कनेक्शन और एक सब्जी की खेती में उपयोग किया जा रहा कनेक्शन शामिल है।
यह अभियान जिला सलाहकार दीपक कुमार और कनिष्ठ अभियंता मनोज कुमार की अगुवाई में पुलिस की मौजूदगी में चलाया गया। इस दौरान बीआरसी चंद्रशेखर सहित विभागीय कर्मचारी और ग्रामीण भी मौजूद रहे।
जिला सलाहकार दीपक कुमार ने बताया कि कार्यकारी अभियंता कमल बहल के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। विभाग को गांव में पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने और पानी के दुरुपयोग की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए टीम ने मौके पर जांच कर आवश्यक कदम उठाए।
उन्होंने बताया कि कुछ उपभोक्ता घरेलू उपयोग के लिए दिए जाने वाले पेयजल का इस्तेमाल सब्जी की खेती और अन्य अनधिकृत कार्यों में कर रहे थे, जिससे अन्य लोगों को पानी की आपूर्ति प्रभावित हो रही थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि विभाग द्वारा उपलब्ध कराया जाने वाला पानी केवल घरेलू उपयोग के लिए है, इसका इस्तेमाल खेती या अन्य कार्यों में नहीं किया जा सकता। इसके साथ ही ग्रामीणों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करने के लिए घर-घर अभियान भी चलाया जा रहा है। उपभोक्ताओं को पेयजल बिल भी वितरित किए जा रहे हैं। दीपक कुमार ने बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों के लिए पेयजल शुल्क निर्धारित है। सामान्य श्रेणी के उपभोक्ताओं के लिए 40 रुपये प्रतिमाह और अनुसूचित जाति वर्ग के लिए 20 रुपये प्रतिमाह शुल्क तय किया गया है।
टोल फ्री नंबर 1800-180-5678 जारी
पेयजल और सीवरेज संबंधी शिकायतों के समाधान के लिए विभाग ने टोल फ्री नंबर 1800-180-5678 जारी किया है, जिस पर उपभोक्ता अपनी शिकायत दर्ज करवा सकते हैं।