कैथल। चोरों ने गोदाम के बाहर खड़े ट्रक से चावल के पांच कट्टे चोरी कर लिए। ट्रक चालक की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव कुलतारण निवासी बलवान सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 30 मार्च को रात करीब 8.00 बजे ट्रक में चावल के 580 कट्टे आरआर राईस मील चीका से लोड करके कैथल के लिए चला था। समय करीब 9.30 बजे रात जब फ्रांसवाला रोड पर स्थित हैफड पी.जी. गोदाम के नजदीक खनौरी रोड बाईपास पर पहुंचा तो उस समय गोदाम बंद हो चुका था। जिससे रात के समय गाड़ी खाली नही हो सकी। इसलिए उसने अपनी गाडी भी खनौरी बाई पास रोड खड़ी कर दी।
ज्यादा भीड़ होने के कारण वाहनों को खाली होने में 3-4 दिन लग रहे थे। तीन अप्रैल की सुबह जब वह ट्रक की जांच करने के लिए पीछे की तरफ गया तो उसे ट्रक के पीछे से दो लडके बाइक पर भागते दिखाई दिए । उनके जाने के बाद जब उसने ट्रक में अंदर जाकर देखा तो ट्रक पर लगा तिरपाल का कुछ हिस्सा कटा हुआ मिला। तिरपाल को हटाकर चैक किया तो चावल के कुछ कट्टे गायब दिखाई दिए। संवाद