संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। बरोट गांव में शुक्रवार रात करीब 10 बजे जीविशा फूड्स प्राइवेट लिमिटेड (राइस मिल) में शार्ट सर्किट के कारण गोदाम में भीषण आग लग गई। यह करीब आठ घंटे तक धधकती रही। लपटों की आंच करीब 100 फीट की दूरी लोगों ने महसूस की।
जीविशा फूड्स प्राइवेट लिमिटेड के मालिक अमरजीत छाबड़ा ने बताया कि आग के कारण गोदाम में रखा लाखों का बारदाना व करोड़ों का धान व चावल कट्टों सहित आग की भेंट चढ़ गया।
अग्निकांड की सूचना पाकर ढांड के नायब तहसीलदार अचिन दल बल सहित मौके पर पहुंचे और सहायता कार्यों में जुटे। मौके पर पटवारी भूप सिंह, ढांड पुलिस के एएसआई बलजोर सिंह पुलिस बल सहित तैनात रहे। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए मौके पर एंबुलेंस भी पहुंची।
नायब तहसीलदार अचिन ने बताया कि जैसे ही उन्हें जैसे ही आग लगने की सूचना मिली वे मौके पर पहुंचे और इसके बाद में संबंधित विभाग को सूचना दे दी गई। रात 11 बजे पूंडरी के कार्यकारी अभियंता को फोन कर ग्रामीण फीडर लाइट चलवाई गई जिससे दमकल की गाड़ियों को बिना रुके पानी मिलता रहा व आग पर काबू पाने में सहायक रही।
मालिक अमरजीत छाबड़ा ने बताया कि अग्निकांड में उनकी बासमती जीरी व चावल बारदाना सभी व गोदाम इत्यादि का माल जलकर राख हो गया। फायर आफिसर उत्कर्ष बताया कि गनीमत यह भी रही कि उन्हें आग बुझाने के लिए पानी राइस मिल के बाहर ही मिल गया था।
सूचना के बाद हम मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। इसके साथ ही आसपास के स्टेशन सीवन, ढांड, पूंडरी, राजौंद, कलायत पर फोन किया और वहां से फायर बिग्रेड की गाड़ियां को बुलाया गया। आठ गाड़ियां ने पूरी रात लगातार काम किया। सुबह आग पर काबू पाया जा सका। शनिवार सुबह भी चार गाड़ियां लगी रहीं। -उत्कर्ष, फायर आफिसर