कैथल। वर्ष 2018-19 के सीजन में खरीद कर खुले में भंडारित किए गेहूं के खराब होने और फिर कम होने के मामले में उप-मुुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने जिम्मेवार अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर के आदेश दिए हैं। अब पूरे प्रदेश में गेहूं सड़ने के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ न केवल केस दर्ज होगा, बल्कि उनसे रिकवरी भी की जा सकती है।
कैथल के गांव जाखौली में रसमंगल तीर्थ पर आयोजित मेले में पहुंचे उप-मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला से जब पूछा गया कि गेहूं घोटाले के मामले में कार्रवाई कब तक होगी? इस पर उन्होंने बताया कि जांच में 10 हजार एमटी गेहूं कम मिला है। साथ ही दस करोड़ से अधिक का नुकसान हुआ है। इस मामले में जिम्मेवार अधिकारियों के खिलाफ केस दर्ज करवाने के आदेश जारी कर दिया गया है। साथ ही रिकवरी भी की जाएगी।
विदित हो कि वर्ष 2018-19 में खुले में विभिन्न जिलों में गेहूं का भंडारण किया था। मामले में खाद्य विभाग में शिकायत मिली थी कि अधिकारियों की लापरवाही और मिलीभगत से यह गेहूं खराब हुआ है। कैथल के पूंडरी में भी यह मामला सामने आया था। इसके बाद तत्कालीन डीसी संगीता तेतरवाल ने जांच के लिए एसडीएम की अगुवाई में कमेटी का गठन किया था। इस कमेटी ने अधिकारियों को क्लीनचिट दे दी थी और मौसम को इसके लिए जिम्मेवार बताया था। इसके बाद विभाग मुख्यालय ने नवंबर माह में एसीएस स्तर के चार अधिकारियों की एक कमेटी का गठन किया था। एक माह तक जब यह जांच नहीं हुई तो फिर से जांच के आदेश जारी हुए। गेहूं खराब होने व कम होने का मामला कैथल, कुरुक्षेत्र, करनाल व फतेहाबाद सहित कुछ अन्य जिलों में सामने आया था। इसके बाद फिर से जांच के लिए आदेश जारी किए। दो माह पूर्व जाट स्कूल कैथल में आए डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने कहा था कि सड़े हुए गेहूं को बेचने में भी गड़बड़ी सामने आई है। अब इस मामले की जांच रिपोर्ट डिप्टी सीएम के कार्यालय पहुंच गई है। इसमें कार्रवाई के लिए डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने कहा कि 10 लाख एमटी गेहूं शॉर्ट मिली है।10 करोड़ की इस गेहूं के मामले में एफआईआर के लिए अधिकारियों को आदेश जारी किए गए हैं। उधर, सूत्रों का कहना है कि कैथल में केवल पूंडरी में मिले खराब गेहूं के मामले में गड़बड़ी को जांच में शामिल किया है, जबकि कैथल में पूंडरी के अलावा कई अन्य गोदामों में भी यह गड़बड़ी सामने आई थी। पूरी सच्चाई पुलिस जांच के बाद ही सामने आ सकती है।
खिलाड़ियों की मांग पर एफआईआर दर्ज : दुष्यंत चौटाला
दिल्ली में खिलाड़ियों के धरने पर डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने कहा कि खिलाड़ियों की मांग पर केस दर्ज कर लिया गया है। रात को भी खिलाड़ियों के साथ दुर्व्यवहार की बात सामने आई थी। उस मामले में भी केस दर्ज कर लिया गया है। खिलाड़ी अपने बयान दर्ज करवाएं, उनकी मांग पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।