संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। सदर थाना क्षेत्र के एक गांव में 35 वर्षीय युवक की आत्महत्या के मामले में छह माह बाद परिजनों ने पुलिस को शिकायत दी। मृतक के भाई ने आरोप लगाया कि उसके भाई को भाभी और उसके कथित प्रेमी ने आत्महत्या के लिए उकसाया। पुलिस ने दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी रिपोर्ट के अनुसार, मृतक के भाई ने बताया कि करीब छह माह पहले उसके भाई ने घर के चौबारे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। उस समय परिवार को मौत की असली वजह का पता नहीं चला था।
अब सच्चाई सामने आई है। गांव के ही एक नशेड़ी युवक का मृतक की पत्नी के साथ अवैध संबंध था। आरोपी युवक ने मृतक को अपनी और पत्नी की अश्लील वीडियो दिखाईं।
आरोप है कि इन्हीं वीडियो के जरिए दोनों ने मृतक को मानसिक रूप से परेशान किया और उसे आत्महत्या के लिए मजबूर कर दिया। शिकायत में पुलिस से जल्द गिरफ्तारी और सजा की मांग की गई है।
सदर थाना के एसएचओ रमेश चंद्र ने बताया कि इस संबंध में पुलिस के पास शिकायत आई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई होगी।