संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। शहर के चीका क्षेत्र में फर्जी दस्तावेज तैयार कर एक व्यक्ति की जमीन और दुकान अपने नाम करवाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर चार आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
डेरा भाग सिंह, चीका निवासी संजय सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह वर्तमान में समाना (जिला पटियाला, पंजाब) में रह रहा है। उसके नाम चीका में चार मरले का एक प्लॉट और एक दुकान है, जो फिलहाल खाली पड़ी है।
शिकायतकर्ता के अनुसार वर्ष 2019 में गांव के ही सुल्तान, मीना, रमेश और कपिल ने आपसी मिलीभगत से उसकी संपत्ति के फर्जी दस्तावेज तैयार करवा लिए और रजिस्ट्री अपने नाम करवा ली। उसने आरोप लगाया कि उसने किसी भी दस्तावेज पर हस्ताक्षर नहीं किए, बल्कि आरोपियों ने उसके नकली हस्ताक्षर कर धोखाधड़ी को अंजाम दिया।
संजय सिंह ने बताया कि जब उसे इस मामले की जानकारी मिली और उसने आरोपियों से बात की, तो
उन्होंने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। हड़पी गई संपत्ति की कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है।
पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और उसकी संपत्ति उसे वापस दिलाया जाए।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दस्तावेजों की सत्यता की भी जांच करवाई जाएगी। जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। दोषियों को बख्शा न जाएगा।
शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। चारों आरोपियों के खिलाफ गहनता से
जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। -सनेष कुमार, एसएचओ, चीका थाना