संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। सोमवार देर शाम जाखौली अड्डा स्थित एक मकान में विवाहिता पूजा ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मामले में पुलिस ने बिहार के जिला खगड़िया निवासी रामबली की शिकायत पर सिविल लाइन थाना में आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
एएसआई रमेश कुमार की टीम ने कार्रवाई करते हुए मृतका के पति सागर (निवासी कमालपुर, हाल शिव कॉलोनी) को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है, जबकि अन्य परिजनों की भूमिका की जांच जारी है।
पुलिस प्रवक्ता प्रवीण श्योकंद ने बताया कि शिकायतकर्ता रामबली वर्तमान में शक्ति नगर, कैथल में किराये पर रहता है। उसकी बेटी पूजा की शादी करीब चार वर्ष पहले सागर के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही सागर, उसकी मां आरती, पिता शमशेर और भाई अंकित दहेज की मांग को लेकर पूजा को मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते थे। कम दहेज लाने को लेकर उसे लगातार ताने दिए जाते थे, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान रहती थी।
शिकायतकर्ता के अनुसार, 13 अप्रैल को वह मजदूरी के लिए सब्जी मंडी गया हुआ था। इसी दौरान उसकी बड़ी बेटी संजू ने फोन कर सूचना दी कि पूजा की मौत हो गई है और उसका शव सरकारी अस्पताल कैथल में लाया गया है।
सूचना मिलते ही वह अस्पताल पहुंचा और शव की पहचान की। मृतका के गले पर फांसी के निशान पाए गए हैं। परिजनों को आशंका है कि या तो आरोपियों ने उसकी हत्या की है या फिर प्रताड़ना से तंग आकर उसने आत्महत्या की है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।