स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर रिहर्सल करते विद्यार्थी। विज्ञप्ति
गुहला-चीका। उपमंडल स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। एसडीएम मनीष कुमार यादव ने कहा कि हर वर्ष की भांति इस बार भी स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। समारोह में विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थी देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। समारोह राजकीय आदर्श संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चीका के मैदान में आयोजित किया जाएगा।
एसडीएम ने बताया कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियों के लिए विद्यार्थी भवानी मंदिर के हॉल में लगातार अभ्यास कर रहे हैं। वहीं राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चीका के मैदान में विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थी मार्चपास्ट और पीटी शो की तैयारी में जुटे हैं। शुक्रवार को भवानी मंदिर के हॉल में विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रस्तुतियों की रिहर्सल की। सरदार कर्म सिंह ग्रेवाल पब्लिक स्कूल चीका के विद्यार्थियों ने ग्रुप सॉन्ग, केपीएस स्कूल भागल की छात्राओं ने ग्रुप डांस, गुरदेव पब्लिक स्कूल कसौली और एसडी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं ने कोरियोग्राफी और एवी विद्या मंदिर टटियाणा के विद्यार्थियों ने देशभक्ति नृत्य का अभ्यास किया।
सरदार प्रीतम सिंह मेमोरियल स्कूल बदसूई और कोहिनूर इंटरनेशनल एकेडमी टटियाणा के विद्यार्थियों ने भंगड़ा की प्रस्तुति की रिहर्सल की। राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चीका की छात्राओं ने हरियाणवी नृत्य, वंदे मातरम और राष्ट्रगान की प्रस्तुति को बेहतर बनाने के लिए अभ्यास किया। अंतिम रिहर्सल 13 अगस्त को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चीका के मैदान में होगी। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी नरेंद्र दीक्षित, प्रधानाचार्य अशोक, संजय और चरणजीत कौर मौजूद रहे।
स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर रिहर्सल करते विद्यार्थी। विज्ञप्ति