प्रशिक्षण पूर्ण करने के बाद युवा। प्रवक्ता
कैथल। पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान कैथल में आयोजित 38 दिवसीय सहायक बुक कीपर प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुक्रवार को समापन हुआ। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 29 जून 2026 से 7 अगस्त 2026 तक आयोजित किया गया। इसमें 27 युवक-युवतियों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। मुख्य अतिथि और अग्रणी जिला प्रबंधक सुमन कुमार ने कहा कि वर्तमान समय में सहायक बुक कीपर की मांग लगातार बढ़ रही है। प्रशिक्षित युवा इस क्षेत्र में स्वरोजगार के साथ-साथ रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने प्रतिभागियों से प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान और कौशल का सदुपयोग करते हुए आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को बुक कीपिंग, लेखांकन, जीएसटी की मूल जानकारी, बैंकिंग प्रक्रियाएं, एमएस एक्सेल, टैली, डिजिटल भुगतान प्रणाली, उद्यमिता विकास, ग्राहक व्यवहार और स्वरोजगार से जुड़े विभिन्न पहलुओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। इसके अलावा प्रतिभागियों को प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं, बैंक ऋण और वित्तीय साक्षरता के बारे में भी विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
कैथल के निदेशक जगदीश कुमार ने कहा कि संस्थान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण युवक-युवतियों को गुणवत्तापूर्ण कौशल प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना है। इस अवसर पर संस्थान की संकाय सदस्य पुष्पा देवी एवं रेनू, ऑफिस असिस्टेंट जितेंद्र और सभी प्रशिक्षु उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण पूर्ण करने के बाद युवा। प्रवक्ता