कैथल। गांव शादीपुर में अपने खेत में धान लगाने की तैयार कर रहे किसान से मारपीट कर जबरदस्ती उसके खेत को जोत दिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
गांव बदनपुर जिला पटियाला पंजाब निवासी गुरनाम सिंह ने गुहला थाना में शिकायत दी कि उसने फरवरी 2023 में गांव शादीपुर में देवेंद्र से 17 कनाल सात मरले जमीन मोल ली थी। 24 जून को रात को समय करीब 10 बजे उसने अपने खेत में धान लगाने के लिए पानी चलाया हुआ था।
उसी समय सरदूल सिंह, जगतार सिंह, अंग्रेज सिंह, हरविंद्र सिंह, साहब सिंह व तरसेम ट्रैक्टर लेकर वहां पहुंच गए। आरोपियों ने कहा कि उसे देवेंद्र सिंह की जमीन मोल लेने का मजा चखाते हैं। वे जबरदस्ती उसके खेत में घुस गए और उसे लाठियों व थप्पड़-मुक्कों से पीटा।
गुरनाम ने बताया कि आरोपियों ने ट्रैक्टर से उसका खेत जोत दिया। खेत में बने कमरे में घुसकर सामान को तोड़फोड़ दिया। उसे धक्के मारकर खेत से बाहर कर दिया और कहा कि दोबारा यहां दिखाई दिया या पुलिस को शिकायत की तो जान से मार देंगे। बाद में उसके परिजनों को आता देख आरोपी मौके से चले गए। एचसी बिजेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।