कैथल। हरियाणा विद्यालय शिक्षा निदेशालय, पंचकूला की ओर से जिले के सरकारी स्कूलों में बाल वाटिका-3 से कक्षा पांचवीं तक की वार्षिक परीक्षाएं सोमवार से शुरू हो गईं। शेड्यूल के अनुसार, ये 25 मार्च तक चलेंगी। निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार कक्षा एक से तीन तक के विद्यार्थियों का मूल्यांकन लिखित और मौखिक दोनों माध्यमों से किया जाएगा। लिखित परीक्षा के जरिए पढ़ने-लिखने और समझने की क्षमता का आकलन किया जाएगा, जबकि मौखिक परीक्षा में सुनने, बोलने और पढ़ने के कौशल का परीक्षण होगा। वहीं कक्षा चार और पांचवीं के विद्यार्थियों की परीक्षाएं प्रश्नपत्र के माध्यम से ली जाएंगी, जो राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) द्वारा तैयार किए गए हैं। इन कक्षाओं के विद्यार्थियों की अंग्रेजी, हिंदी, गणित और पर्यावरण अध्ययन (ईवीएस) विषयों की परीक्षा होगी। संवाद