कैथल। कलायत क्षेत्र में प्लाट पर कब्जा करने की नीयत से दंपती पर जानलेवा हमला करने के मामले में सीआईए-1 पुलिस ने पांचवें आरोपी कलायत निवासी नवीन को गिरफ्तार किया है। पुलिस इससे पहले मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। डीएसपी कलायत रोहताश ने बताया कि वार्ड नंबर-12 निवासी शीशपाल की शिकायत पर थाना कलायत में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। शिकायत के अनुसार रेलवे रोड स्थित प्लाट के लिए आरोपियों से विवाद चल रहा था। 1 जुलाई की रात आरोपी दीवार फांदकर प्लाट में घुसे और निर्माण कार्य को नुकसान पहुंचाया। विरोध करने पर शीशपाल व उसकी पत्नी माया देवी से मारपीट की गई। बाद में रास्ता रोककर शीशपाल पर डंडों से हमला किया गया। पुलिस जांच में नवीन की संलिप्तता सामने आई। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।