युवा संसद प्रतियोगिता में भाग लेती छात्राएं। विज्ञप्ति
कैथल। राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पाडला में छात्राओं को भारतीय लोकतंत्र, संसदीय कार्यप्रणाली और समसामयिक विषयों की जानकारी देने के उद्देश्य से युवा संसद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम प्रधानाचार्य राकेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित हुआ, जबकि शिक्षक बलराज और गिरिश कुमार ने छात्राओं का मार्गदर्शन किया। प्रतियोगिता में छात्राओं ने संसद की कार्यवाही का जीवंत मंचन किया।
खुशी ने स्पीकर, सिमरन ने प्रधानमंत्री, पिंकी ने शिक्षा मंत्री और अंकिता ने नेता प्रतिपक्ष की भूमिका निभाई। सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच नीट पेपर लीक, उच्च शिक्षा व्यवस्था, बढ़ती महंगाई और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी ई-20 ईंधन नीति जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर तथ्यपरक और प्रभावशाली बहस हुई। विपक्ष ने परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता और युवाओं के भविष्य से जुड़े सवाल उठाए, जबकि सत्ता पक्ष ने सरकार की नीतियों का पक्ष रखा। प्रतियोगिता का मूल्यांकन गुरनाम सिंह और रविंद्र मिड्ढा ने किया। उन्होंने छात्राओं की वाकपटुता, विषय की समझ और संसदीय मर्यादाओं के पालन की सराहना करते हुए इसे प्रेरणादायी बताया।
समापन पर प्रधानाचार्य राकेश कुमार ने कहा कि युवा संसद जैसी गतिविधियां छात्राओं में नेतृत्व क्षमता, तार्किक सोच, आत्मविश्वास और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता विकसित करती हैं। उन्होंने भविष्य में भी इस तरह के आयोजन जारी रखने की बात कही।
युवा संसद प्रतियोगिता में भाग लेती छात्राएं। विज्ञप्ति